Last Updated:
Aloo Gunda Recipe: आलू में स्वादानुसार नमक, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें. इसे लगभग 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं ताकि मसाले आलू में अच्छी तरह मिल जाएं और एक उम्दा मसालेदार मिश्रण तैयार हो जाए. इसके बाद इसे ठंडा होने के लिए छोड़ दें.
बिलासपुर. बरसात के मौसम में अगर शाम की चाय के साथ कुछ गरमागरम और चटपटा खाने का मन हो, तो घर पर आसानी से बनने वाले आलू गुंडे एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं. बाहर से कुरकुरे और अंदर से मसालेदार आलू की भरावन वाले ये गुंडे स्वाद में बेहद लाजवाब होते हैं. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. उबले आलू, बेसन और घर में मौजूद मसालों से इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है. टमाटर, प्याज, लहसुन और हरी मिर्च की मसालेदार ग्रेवी में तैयार आलू का स्वाद जब बेसन की कुरकुरी परत के साथ मिलता है, तो इसका जायका और भी बढ़ जाता है. इसे गरमागरम टमाटर की चटनी के साथ परोसें, तो बरसात की शाम का मजा दोगुना हो जाता है.
आलू तैयार करने से शुरू करें
सबसे पहले आलू को अच्छी तरह उबाल लें. आलू उबलने के बाद उनका छिलका उतारकर उन्हें अच्छी तरह मैश कर लें. इसके बाद टमाटर, हरी मिर्च, लहसुन और प्याज को बारीक काटकर रख लें.
मसालेदार ग्रेवी में तैयार करें आलू
अब कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें सरसों का तड़का लगाएं. इसके बाद प्याज, लहसुन और हरी मिर्च डालकर भूनें. प्याज हल्का सुनहरा होने पर इसमें बारीक कटे टमाटर डालें और अच्छी तरह पकाएं. जब टमाटर गलकर बढ़िया ग्रेवी जैसा तैयार हो जाए, तब इसमें मैश किए हुए आलू डालें.
मसालों से बढ़ाएं स्वाद
आलू में स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च, हल्दी पाउडर और गरम मसाला डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. इसे करीब 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं ताकि मसाले आलू में अच्छी तरह मिल जाएं और एक गाढ़ा मसालेदार मिश्रण तैयार हो जाए. इसके बाद इसे ठंडा होने के लिए रख दें.
बेसन के घोल से बनेगी कुरकुरी परत
अब एक बर्तन में बेसन लें और उसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें. घोल में एक चुटकी खाने का सोडा डालें. इससे तलने के बाद गुंडे बाहर से कुरकुरे और अंदर से मुलायम बनेंगे. ध्यान रखें कि बेसन का घोल बहुत ज्यादा पतला न हो.
गोल लोइयां बनाकर करें फ्राई
आलू का मसाला ठंडा होने के बाद उसकी छोटी-छोटी गोल लोइयां बना लें. कड़ाही में तेल गर्म करें. अब प्रत्येक आलू की लोई को बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबोकर गर्म तेल में डालें. इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. अच्छी तरह सिकने के बाद आलू गुंडों को तेल से निकालकर प्लेट में रखें.
टमाटर की चटनी के साथ करें सर्व
गरमागरम और कुरकुरे आलू गुंडों को टमाटर की चटनी के साथ परोसें. बाहर से क्रिस्पी और अंदर से मसालेदार आलू का स्वाद हर किसी को पसंद आ सकता है. खासकर बरसात के मौसम में चाय के साथ यह एक शानदार स्नैक्स बन सकता है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.