Last Updated:
पलती पहाड़ों में खाई जाने वाली एक सरल और बेहद पौष्टिक हरी सब्जी है, जिसमें आयरन और जरूरी मिनरल्स भरपूर होते हैं. सरसों के तेल और सूखी लाल मिर्च के साथ इसे कुछ ही मिनटों में आसानी से बनाया जा सकता है. स्वाद और सेहत से भरपूर यह देसी डिश रोजमर्रा के खाने में शामिल करने के लिए बेहतरीन विकल्प है.
पिथौरागढ़. क्या आपने कभी पलती की सब्जी खाई है, अगर नहीं, तो आज हम आपको एक ऐसी पहाड़ी डिश के बारे में बता रहे हैं जो जितनी सिंपल है, उतनी ही हेल्दी भी है. पहाड़ों में पलती एक बहुत ही पॉपुलर हरी सब्जी मानी जाती है, खासकर गांवों में इसे बड़े चाव से बनाया और खाया जाता है. पलती में आयरन भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो शरीर में खून की कमी को दूर करने में मदद करता है. साथ ही इसमें कई जरूरी मिनरल्स भी होते हैं, जो आपकी सेहत के लिए काफी फायदेमंद हैं. सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत या एक्सपर्ट कुकिंग स्किल की जरूरत नहीं पड़ती.
इसे बनाने की रेसिपी है बेहद आसान
अब बात करते हैं इसे बनाने की, वो भी बिल्कुल आसान तरीके से. इसे बनाने के लिए हमें चाहिए ताजी पलती – 2 कप (बारीक कटी हुई), सरसों का तेल – 1 से 2 बड़े चम्मच, सूखी लाल मिर्च – 2, और नमक – स्वादानुसार. सबसे पहले पलती को अच्छे से साफ पानी से धो लें, ताकि उसमें लगी मिट्टी या गंदगी निकल जाए, फिर इसे बारीक काट लें. अब एक लोहे की कढ़ाई लें और उसमें 1 से 2 चम्मच सरसों का तेल डालकर अच्छे से गर्म करें. जब तेल गरम हो जाए, तो उसमें 2 सूखी लाल मिर्च डालें. जैसे ही मिर्च हल्की सी तड़कने लगे, वैसे ही उसमें कटी हुई पलती डाल दें. अब इसमें स्वादानुसार नमक डालें और अच्छे से मिलाएं. ध्यान रखें कि इसे ढककर नहीं पकाना है. इसे खुला ही मध्यम आंच पर 5 से 7 मिनट तक पकाएं. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि सब्जी अच्छी तरह पक जाए और उसका नेचुरल स्वाद बना रहे. कुछ ही मिनटों में आपकी गर्मागर्म, हेल्दी और स्वादिष्ट पलती की सब्जी तैयार हो जाएगी.
गांव की गृहणी नर्वदा देवी लोकल 18 से बात करते हुए बताती है कि “हमारे पहाड़ों में पलती बहुत पसंद की जाती है. ये जल्दी बन जाती है और सेहत के लिए भी बहुत अच्छी होती है. हम तो इसे रोज के खाने में भी शामिल करते हैं.” तो अगर आप भी कुछ नया, हेल्दी और देसी स्वाद ट्राई करना चाहते हैं, तो पलती की ये आसान रेसिपी जरूर बनाएं और अपने खाने में पहाड़ों का स्वाद जोड़ें.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें