Last Updated:

पलामू का पारंपरिक बतासा गर्मी में देसी पावर बूस्टर का काम करता है. इसमें पुदीन हरा मिलाकर खाने से पेट को तुरंत ठंडक मिलती है. यह शरीर में ग्लूकोज और ऊर्जा की कमी दूर करता है. पलामू के चौक बाजार में इसकी भारी मांग रहती है. मेहमानों के स्वागत के लिए यह आज भी बेहद लोकप्रिय है.

ख़बरें फटाफट

पलामूः गर्मी के दिनों में शरीर को ठंडक और तुरंत ऊर्जा देने वाली पारंपरिक मिठाइयों में बतासा आज भी खास पहचान रखता है. पलामू जिले में यह मिठाई काफी प्रसिद्ध है. यहां का एक पूरा बाजार ‘बतासा पट्टी’ के नाम से जाना जाता है, जहां वर्षों से कई परिवार इस व्यवसाय से जुड़े हुए हैं. गर्मी के मौसम में लोग इसे ग्लूकोज की कमी दूर करने और शरीर को ठंडा रखने के लिए इस्तेमाल करते हैं.

कीमत 120 रुपये किलो
चौक बाजार स्थित बतासा पट्टी में दुकान चलाने वाले बलराम कुमार ने लोकल18 को बताया कि वे अपने पिता के समय से इस व्यवसाय से जुड़े हैं और वर्ष 1992 से लगातार दुकान चला रहे हैं. उन्होंने बताया कि पहले बतासा मात्र 8 रुपये किलो बिकता था, लेकिन आज इसकी कीमत बढ़कर 120 रुपये प्रति किलो हो गई है. हालांकि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी के दिनों में इसका इस्तेमाल काफी अधिक होता था, लेकिन अब इसकी मांग पहले की तुलना में कम हो गई है. इसके बावजूद रामनवमी, पूजा-पाठ और अन्य पर्व-त्योहारों में इसकी डिमांड काफी बढ़ जाती है.

गर्मी के दिनों में खाने के लिए बलराम कुमार बताते हैं कि अगर बतासा में दो बूंद पुदीन हरा डालकर खाया जाए तो यह गर्मी में बेहद फायदेमंद होता है. यह पेट को ठंडा रखने के साथ शरीर को तुरंत ऊर्जा देने का काम करता है. ये शरीर की ऊर्जा को बढ़ा देती है. इसे गांव में आज भी लोग मेहमानों को परोसते है. इसे बनाने के लिए मेहनत भी लगती है.

ऐसे तैयार होता है बतासा
बतासा बनाने की प्रक्रिया भी काफी रोचक होती है. इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले चीनी की चाशनी बनाई जाती है. लगभग 10 किलो चीनी में 100 ग्राम दूध मिलाया जाता है, जिससे चीनी साफ हो सके. इसके बाद थोड़ी मात्रा में हाइड्रो केमिकल डालकर उसे अच्छी तरह उबाला जाता है. करीब 45 मिनट में चाशनी तैयार हो जाती है. फिर कारीगर उसे कलछुल की मदद से कपड़े पर गोल आकार में ढालते हैं. कुछ देर बाद वही चाशनी सूखकर सफेद और हल्के बतासे का रूप ले लेती है. स्वाद, परंपरा और गर्मी में राहत देने वाला यह बतासा आज भी लोगों की पसंद बना हुआ है.

About the Author

Prashun Singh

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.



Source link

Write A Comment