Tandoori Pineapple Recipe: आपको लगता है कि तंदूरी स्वाद सिर्फ पनीर, मशरूम या चिकन जैसी चीजों तक ही सीमित है, तो अब अपनी सोच बदलने का समय आ गया है. आजकल लोग पारंपरिक रेसिपी में नए प्रयोग करना पसंद कर रहे हैं और यही वजह है कि फलों से बनने वाली डिश भी तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं. इन्हीं में से एक है तंदूरी पाइनएप्पल, जिसका स्वाद मीठे, हल्के तीखे और स्मोकी फ्लेवर का शानदार मेल होता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और घर में मौजूद सामान्य मसालों से ही यह तैयार हो जाता है.

अगर घर पर कोई छोटी पार्टी हो, परिवार के साथ वीकेंड डिनर हो या शाम की चाय के साथ कुछ अलग परोसना हो, तो यह रेसिपी सबका ध्यान खींच सकती है. सोशल मीडिया पर भी इस अनोखी डिश को खूब पसंद किया जा रहा है. फूड क्रिएटर श्रुति महाजन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @somewhatchef पर इसकी आसान रेसिपी शेयर की है, जिसे लोग तेजी से ट्राई कर रहे हैं. आइए जानते हैं कि घर पर स्वादिष्ट तंदूरी पाइनएप्पल कैसे तैयार किया जा सकता है.

तंदूरी पाइनएप्पल क्यों हो रहा है इतना पसंद?
पाइनएप्पल अपने मीठे और हल्के खट्टे स्वाद के लिए जाना जाता है. जब इसे तंदूरी मसालों के साथ पकाया जाता है, तो इसका स्वाद पूरी तरह बदल जाता है. बाहर से हल्का स्मोकी और अंदर से रसदार पाइनएप्पल खाने में बेहद अलग अनुभव देता है. यही वजह है कि यह रेसिपी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. आजकल कई लोग घर पर रेस्तरां जैसा खाना बनाना पसंद करते हैं. ऐसे में यह डिश उन लोगों के लिए भी बढ़िया विकल्प है, जो कुछ नया बनाना चाहते हैं लेकिन बहुत ज्यादा सामग्री या समय खर्च नहीं करना चाहते.

तंदूरी पाइनएप्पल बनाने के लिए जरूरी सामग्री
तंदूरी पाइनएप्पल बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके लिए तैयार रखें
1. 1 पूरा पाइनएप्पल
2. 1 चम्मच तेल
3. 1 चम्मच दालचीनी पाउडर
4. 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
5. स्वादानुसार नमक

अगर चाहें तो आखिर में थोड़ा नींबू का रस और बारीक कटा हरा धनिया डालकर इसका स्वाद और भी बढ़ाया जा सकता है.

तंदूरी पाइनएप्पल बनाने की आसान विधि
सबसे पहले करें पाइनएप्पल तैयार- सबसे पहले पाइनएप्पल का छिलका अच्छी तरह उतार लें. इसके बाद पूरे पाइनएप्पल के बीच में एक मजबूत सीख या सींक लगा दें, ताकि इसे आसानी से पकाया जा सके.

तैयार करें मसाले का पेस्ट
एक कटोरी में तेल, दालचीनी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इस मसाले वाले पेस्ट को पाइनएप्पल पर चारों तरफ समान रूप से लगा दें ताकि हर हिस्सा अच्छी तरह कोट हो जाए.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

अब दें तंदूरी फ्लेवर
मसाला लगाने के बाद पाइनएप्पल को ग्रिल, ओवन, एयर फ्रायर या चारकोल फ्लेम पर पकाया जा सकता है.

ओवन या एयर फ्रायर – 180 डिग्री सेल्सियस पर लगभग 30 मिनट तक पकाएं.
तवा, पैन या ग्रिलर – तब तक सेंकें जब तक इसकी सतह हल्की ब्राउन और स्मोकी न दिखने लगे.

पकने के बाद इसे स्लाइस में काट लें. ऊपर से थोड़ा नींबू का रस और हरा धनिया डालकर तुरंत सर्व करें.

किन मौकों पर बना सकते हैं यह रेसिपी?
अगर घर में बच्चों की पार्टी हो, दोस्तों का गेट-टुगेदर हो या फिर वीकेंड पर कुछ नया खाने का मन हो, तो तंदूरी पाइनएप्पल बेहतरीन विकल्प बन सकता है. इसे स्टार्टर, स्नैक या बारबेक्यू मेन्यू का हिस्सा भी बनाया जा सकता है. कई लोग इसे ग्रिल्ड पनीर या वेज कबाब के साथ भी परोसना पसंद करते हैं. इससे पूरी प्लेट का स्वाद और भी बेहतर हो जाता है.

रेसिपी को और स्वादिष्ट बनाने के आसान टिप्स
अगर आपको हल्का तीखा स्वाद पसंद है तो लाल मिर्च की मात्रा थोड़ी बढ़ा सकते हैं. वहीं मीठे और मसालेदार स्वाद का संतुलन बनाए रखने के लिए ताजा और पूरी तरह पका हुआ पाइनएप्पल चुनें. चारकोल पर पकाने से इसमें असली तंदूरी फ्लेवर आता है, लेकिन अगर यह सुविधा न हो तो एयर फ्रायर या ग्रिल भी शानदार परिणाम देता है. तंदूरी पाइनएप्पल उन लोगों के लिए शानदार रेसिपी है जो रोजमर्रा के स्वाद से हटकर कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं. कम सामग्री, आसान विधि और अलग फ्लेवर की वजह से यह डिश हर उम्र के लोगों को पसंद आ सकती है. अगर आपने अब तक फल से बनी तंदूरी डिश नहीं चखी है, तो इस रेसिपी को एक बार जरूर आजमाएं.



Source link

Write A Comment