Last Updated:

Momos Making Tips: यदि आप मोमोज लवर हैं, लेकिन बाजार के अनहाइजेनिक मोमोज नहीं खाना चाहते हैं, तो इसे घर पर बनाना ही बेहतर विकल्प है. यहां हम आपको इसका बहुत ही आसान तरीका बता रहे हैं. दिलचस्प बात है कि इसके लिए आपको स्टीमर खरीदने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी, घर में दाल बनाने के लिए मौजूद प्रेशर कुकर की मदद से ही आप बाजार जैसे सॉफ्ट मोमोज बनाकर खा सकते हैं.

Zoom

मोमोज आज के समय में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले स्ट्रीट फूड्स में से एक बन चुका है. बच्चे हों, जवान हों या बुजुर्ग, लगभग हर उम्र के लोग इसका स्वाद पसंद करते हैं. बाजार में मिलने वाले गर्मागर्म मोमोज और उनकी मसालेदार चटनी लोगों को आसानी से अपनी ओर आकर्षित कर लेते हैं. हालांकि बाहर का खाना हमेशा साफ-सुथरा हो, यह जरूरी नहीं है. यही वजह है कि कई लोग घर पर ही मोमोज बनाना पसंद करते हैं. लेकिन जब घर में मोमोज बनाने की बात आती है, तो सबसे बड़ी समस्या स्टीमर की होती है.

आमतौर पर मोमोज को भाप में पकाने के लिए विशेष स्टीमर का इस्तेमाल किया जाता है, जो हर किसी के घर में नहीं होता. ऐसे में कई लोग सोचते हैं कि बिना स्टीमर के अच्छे मोमोज बनाना संभव नहीं है. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. अगर आपके घर में प्रेशर कुकर है, तो आप आसानी से बाजार जैसे नरम और स्वादिष्ट मोमोज तैयार कर सकते हैं. चलिए इस लेख में सीखते हैं पूरा तरीका-

प्रेशर कुकर में मोमोज बनाने का तरीका

  • प्रेशर कुकर में मोमोज बनाने के लिए सबसे पहले कुकर में लगभग एक से डेढ़ गिलास पानी डालें. इसके बाद कुकर के अंदर एक छोटी कटोरी, स्टैंड या कोई ऊंचा बेस रखें ताकि मोमोज पानी से टच न हो.
  • अब एक प्लेट, छलनी या किसी स्टीमिंग ट्रे पर हल्का सा तेल लगा लें. इससे मोमोज चिपकेंगे नहीं. तैयार मोमोज को इस प्लेट पर थोड़ी दूरी बनाकर रखें. इसके बाद प्लेट को सावधानी से कुकर के अंदर रख दें और ढक्कन बंद कर दें.
  • ध्यान रखें कि मोमोज बनाते समय कुकर की सीटी का इस्तेमाल नहीं करना है. मीडियम आंच पर लगभग 12 से 15 मिनट तक मोमोज को भाप में पकने दें. जब मोमोज की बाहरी परत हल्की चमकदार और पारदर्शी दिखने लगे, तो समझ लें कि वे तैयार हैं. इसके बाद गैस बंद कर दें और मोमोज निकालकर अपनी पसंदीदा चटनी के साथ परोसें.

ये तरीका भी आसान
अगर आपके पास ऐसा इडली स्टैंड है जो कुकर में आसानी से फिट हो जाता है, तो यह तरीका और भी सुविधाजनक हो सकता है. इसके लिए कुकर में पानी गर्म करें और इडली स्टैंड के सांचों पर थोड़ा तेल या घी लगा दें. फिर हर सांचे में एक या दो मोमोज रख दें. अब स्टैंड को कुकर में रखें और ढक्कन की सीटी तथा रबर निकालकर कुकर बंद कर दें. मीडियम आंच पर 10 से 12 मिनट तक स्टीम करें. इस आसान तरीके से आप बिना स्टीमर के भी घर पर टेस्टी और मुलायम मोमोज तैयार कर सकते हैं.

About the Author

शारदा सिंहSenior Sub Editor

शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें



Source link

Write A Comment