Aam Doi Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही आम का इंतजार लगभग हर घर में शुरू हो जाता है. कोई आम का शेक पीना पसंद करता है तो कोई मैंगो आइसक्रीम या मैंगो कुल्फी खाना. वहीं दही भी इस मौसम में रोजाना की डाइट का अहम हिस्सा बन जाता है क्योंकि यह शरीर को ठंडक देने का काम करता है. अगर आप आम और दही दोनों पसंद करते हैं, तो इन दोनों का शानदार मेल यानी आम दोई आपके लिए परफेक्ट समर डेजर्ट हो सकता है. खास बात यह है कि इस रेसिपी में चीनी का इस्तेमाल नहीं किया जाता. मिठास के लिए सिर्फ खजूर और पके हुए मीठे आम का उपयोग किया जाता है. यही वजह है कि यह डिश स्वादिष्ट होने के साथ-साथ काफी हेल्दी भी मानी जाती है.
सोशल मीडिया पर फूड क्रिएटर श्रेया द्वारा शेयर की गई यह आसान रेसिपी इन दिनों लोगों को खूब पसंद आ रही है. अगर आप भी बिना ज्यादा मेहनत और बिना ज्यादा खर्च के घर पर एक स्वादिष्ट, ठंडी और हेल्दी मिठाई बनाना चाहते हैं, तो यह आम दोई आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है.
क्या है आम दोई और क्यों है इतनी खास
आम दोई बंगाल की मशहूर मिठाई मिश्टी दोई का एक स्वादिष्ट रूप माना जाता है. पारंपरिक मिश्टी दोई में चीनी या कैरेमल का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इस हेल्दी वर्जन में मिठास के लिए प्राकृतिक चीजों का सहारा लिया गया है. इसमें खजूर और आम का इस्तेमाल होने की वजह से यह ज्यादा पौष्टिक बन जाती है. साथ ही इसमें रिफाइंड शुगर नहीं होती, जिससे यह उन लोगों के लिए भी बेहतर विकल्प बन जाती है जो मीठा खाना चाहते हैं लेकिन अतिरिक्त चीनी से बचना चाहते हैं.
आम दोई बनाने के लिए क्या चाहिए
इस स्वादिष्ट रेसिपी को बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. इसके लिए आधा लीटर फुल क्रीम दूध, चार से पांच मुलायम खजूर, दो बड़े पके और मीठे आम और एक बड़ा चम्मच दही चाहिए. कोशिश करें कि आम ऐसे चुनें जिनमें रेशा कम हो और स्वाद ज्यादा मीठा हो. इससे आम दोई का स्वाद और भी बेहतर बनता है.
दूध को गाढ़ा करना है सबसे जरूरी स्टेप
सबसे पहले एक भारी तले वाले बर्तन में दूध डालकर गैस पर रखें. दूध को धीमी आंच पर पकाते रहें और बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वह नीचे से न लगे. जब दूध अपनी मूल मात्रा से लगभग एक तिहाई कम हो जाए तो गैस बंद कर दें. दूध जितना गाढ़ा होगा, आम दोई का टेक्सचर उतना ही क्रीमी और रिच बनेगा. यही कारण है कि इस स्टेप को बिल्कुल भी जल्दी में नहीं करना चाहिए.
खजूर से आएगी प्राकृतिक मिठास
जब दूध उबल रहा हो, उसी दौरान एक छोटी कटोरी में थोड़ा गर्म दूध निकाल लें. इसमें खजूर डालकर लगभग दस मिनट तक भिगो दें. इससे खजूर मुलायम हो जाएंगे और आसानी से पेस्ट बन जाएंगे. अब इन्हें मिक्सर में पीस लें और चाहें तो छान भी सकते हैं. यह पेस्ट आम दोई में चीनी की जगह काम करेगा और स्वाद को नेचुरल मिठास देगा.
आम की प्यूरी तैयार करें
अब आम को धोकर छील लें और उसका गूदा निकाल लें. गूदे को मिक्सर में डालकर स्मूद प्यूरी तैयार करें. ध्यान रखें कि प्यूरी में कोई रेशा या टुकड़ा न रहे. जितनी स्मूद प्यूरी होगी, उतनी ही बढ़िया आम दोई तैयार होगी. यह प्यूरी इस डिश को शानदार रंग और स्वाद देने का काम करती है.
सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं
जब दूध हल्का गुनगुना हो जाए तो उसमें आम की प्यूरी, खजूर का पेस्ट और एक बड़ा चम्मच दही डाल दें. अब इस मिश्रण को अच्छी तरह फेंटें. लगातार फेंटने से सारी सामग्री आपस में अच्छे से मिल जाती है और दोई का टेक्सचर एकदम स्मूद बनता है. यह स्टेप दही जमने की प्रक्रिया को भी बेहतर बनाता है.
View this post on Instagram