Puri Jagannath Mandir Mahaprasad Recipe : ओडिशा के पुरी में होने वाली भगवान जगन्नाथ की विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा का उत्साह हर तरफ देखने को मिलता है. इस पावन मौके पर पुरी धाम की जो बात सबसे ज्यादा आकर्षित करती है, वह है वहां का अलौकिक ‘महाप्रसाद’. और जब महाप्रसाद का जिक्र हो, तो जुबान पर सबसे पहला नाम आता है ‘खाजा’ (Khaja). अपनी कुरकुरी परतों (Layers) और हल्की मीठी चाशनी के लिए मशहूर खाजा सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि भगवान जगन्नाथ का सबसे प्रिय भोग है.
अक्सर लोग सोचते हैं कि पुरी के हलवाइयों जैसा परफेक्ट, खस्ता और परतों वाला खाजा घर पर बनाना बेहद मुश्किल है. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है! इस रथयात्रा के शुभ अवसर पर आप घर पर ही पुरी की पारंपरिक खाजा को बना सकते हैं. बता दें कि खाजा की असली खूबसूरती उसकी परतों में होती है. हलवाई इसके लिए ‘साटा’ (Sata) का इस्तेमाल करते हैं, जो घी और कॉर्नफ्लोर (या मैदा) को मिलाकर बनाया गया एक सीक्रेट पेस्ट होता है. यही पेस्ट खाजा की हर परत को आपस में चिपकने नहीं देता और तलते समय इसकी एक-एक लेयर खुलकर सामने आती है.
रथयात्रा के शुभ अवसर पर आप घर पर ही पुरी की पारंपरिक खाजा को बना सकते हैं. Image :AI
खाजा बनाने के लिए ज़रूरी सामग्री:
मैदा: 2 कप
मोयन के लिए शुद्ध घी: 3 से 4 बड़े चम्मच
गुनगुना पानी: आवश्यकतानुसार (आटा गूंथने के लिए)
तलने के लिए: घी या तेल
चीनी: 1 कप
पानी: आधा कप (चाशनी के लिए)
इलायची पाउडर: 1 छोटी चम्मच
कॉर्नफ्लोर और घी: 2-2 बड़े चम्मच (लेयरिंग पेस्ट या साटा बनाने के लिए)
स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी (बनाने का आसान तरीका):
स्टेप 1: सख्त आटा तैयार करें एक बड़े मिक्सिंग बाउल में मैदा छान लें. इसमें 3-4 चम्मच घी का मोयन डालें और हाथों से अच्छी तरह रगड़कर मिलाएं (जब आप मैदे को मुट्ठी में बांधें, तो वह बंधना चाहिए). अब थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए एक सख्त (Tight) आटा गूंथ लें. आटे को गीले सूती कपड़े से ढककर 20 से 25 मिनट के लिए सेट होने छोड़ दें.
स्टेप 2: सीक्रेट लेयरिंग पेस्ट (साटा) बनाएं एक छोटी कटोरी में 2 चम्मच कॉर्नफ्लोर और 2 चम्मच घी को एक साथ तब तक फेंटें, जब तक वह एक क्रीमी, सफेद पेस्ट न बन जाए.
स्टेप 3: रोटियां बेलें और लेयरिंग करें सेट हो चुके आटे की बराबर आकार की 3 से 4 लोइयां तोड़ें. हर लोई को सूखा मैदा लगाकर एकदम पतली रोटी की तरह बेल लें. अब पहली रोटी पर तैयार कॉर्नफ्लोर का पेस्ट बराबर फैलाएं. इसके ऊपर दूसरी रोटी रखें और फिर से पेस्ट लगाएं. इसी तरह चारों रोटियों को एक के ऊपर एक सेट कर लें.
स्टेप 4: रोल करें और काटें अब इन रोटियों को एक किनारे से पकड़कर कसकर (Tightly) रोल करें ताकि बीच में हवा न रहे. इस रोल को चाकू की मदद से आधे-आधे इंच के छोटे टुकड़ों में काट लें. अब हर टुकड़े को लंबाई में बेलन से बिल्कुल हल्के हाथों से दबाते हुए थोड़ा सा बेल लें. आपकी परफेक्ट परतें तैयार हैं.
स्टेप 5: धीमी आंच पर तलें कढ़ाई में घी या तेल को मध्यम आंच पर गर्म करें. याद रखें, तेल बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए. एक-एक करके खाजा डालें और गैस की आंच को एकदम धीमा कर दें. धीमी आंच पर खाजा धीरे-धीरे ऊपर तैरने लगेगा और उसकी परतें खुलने लगेंगी. दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें.
स्टेप 6: चाशनी का जादू एक अलग पैन में चीनी और आधा कप पानी मिलाकर एक तार की हल्की चाशनी तैयार करें. इसमें इलायची पाउडर मिलाएं. तले हुए गरमा-गरम खाजा को तुरंत गुनगुनी चाशनी में 1 से 2 मिनट के लिए डुबोएं और फिर बाहर निकालकर एक जालीदार बर्तन पर रख दें.
हलवाई जैसे परफेक्ट खाजा के लिए क्विक टिप्स:
आटा नरम न हो: खाजा का आटा पूड़ी के आटे से भी थोड़ा सख्त होना चाहिए, वरना परतें क्रिस्पी नहीं बनेंगी.
धीमी आंच का नियम: तेज आंच पर तलने से खाजा ऊपर से लाल हो जाएगा, लेकिन अंदर की परतें कच्ची और मुलायम रह जाएंगी.
चाशनी की कोटिंग: चाशनी से निकालने के बाद जब खाजा ठंडा होगा, तो उस पर चीनी की एक हल्की सफेद परत जम जाएगी, जो इसके ऑथेंटिक स्वाद की पहचान है.
पूरी तरह ठंडा होने के बाद इसे एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें और इस रथयात्रा अपने पूरे परिवार के साथ भगवान जगन्नाथ के इस दिव्य महाप्रसाद का आनंद लें!