अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बम की धमकी मिलने के बाद लखनऊ से दम्माम (सऊदी अरब का एक शहर) जा रही IndiGo की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में बम होने की धमकी मिलने के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं। विमान में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच
लैंडिंग के बाद विमान को सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत आइसोलेशन एरिया में ले जाया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच शुरू कर दी। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एयरपोर्ट पर सभी जरूरी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। विमान की पूरी तरह जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
कागज के टुकड़े पर लिखा था Bomb
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, इंडिगो की एक फ़्लाइट में एक क्रू मेंबर को प्लेन के अंदर एक कागज के टुकड़े पर ‘Bomb’ (बम) लिखा हुआ मिला। लखनऊ-दम्मम 6E 97 फ़्लाइट में 107 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। पुलिस ने बताया कि सभी यात्री और क्रू मेंबर एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर सुरक्षित हैं।
विमान में नहीं मिली कोई संदिग्ध चीज
इस पूरे मामले पर अहमदाबाद पुलिस ने कहा, ‘ विमान के इमर्जेंसी लैंडिंग के बाद SOG, स्थानीय पुलिस और CISF ने फ्लाइट की तलाशी ली है। फ्लाइट में कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली है।’ लैंडिंग के बाद स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG), स्थानीय पुलिस और सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) ने फ्लाइट की अच्छी तरह से तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान फ्लाइट में कोई संदिग्ध चीज या सामान नहीं मिला।
पहले भी हो चुकीं ऐसी घटनाएं
बता दें कि इसके पहले भी कई विमानों में ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बम की धमकी के बाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग की गई और जांच के बाद कुछ नहीं निकला। हाल ही में 31 अगस्त 2026 को दम्माम से दिल्ली आ रही Air India Express फ्लाइट को बम धमकी के बाद अहमदाबाद डायवर्ट किया गया था। विमान में एक टिश्यू पेपर मिला था, जिस पर “BOMB” लिखा था। विमान में 32 यात्री थे और सुरक्षा एजेंसियों की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
ये भी पढ़ें: