Sabudana Tikki Recipe: श्रावण का महीना शुरू होते ही घरों में व्रत के लिए खास व्यंजनों की तैयारी भी शुरू हो जाती है. ऐसे समय में हर कोई चाहता है कि भोजन स्वादिष्ट भी हो, पेट भरने वाला भी हो और व्रत के नियमों के मुताबिक भी हो, अगर आप भी हर बार साबूदाना खिचड़ी या साबूदाना खीर बनाकर थोड़ा बोर हो गए हैं, तो इस बार क्रिस्पी साबूदाना टिक्की जरूर ट्राई करें. यह रेसिपी स्वाद और पोषण का बेहतरीन मेल है, जिसे बच्चे से लेकर बड़े तक पसंद करते हैं. इस साल सावन मास की शुरुआत 30 जुलाई से हो रही है.

भीगे हुए साबूदाने, उबले आलू और भुनी हुई मूंगफली से तैयार होने वाली यह टिक्की बाहर से सुनहरी और कुरकुरी बनती है, जबकि अंदर से बेहद मुलायम रहती है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता, अगर आपके घर में श्रावण व्रत रखा जा रहा है और शाम के समय कुछ चटपटा खाने का मन हो, तो यह रेसिपी आपकी थाली का स्वाद कई गुना बढ़ा सकती है.

व्रत के लिए क्यों है साबूदाना टिक्की बेहतरीन विकल्प?
साबूदाना लंबे समय से व्रत के भोजन का अहम हिस्सा माना जाता है. यह शरीर को जल्दी ऊर्जा देने में मदद करता है. जब इसमें उबले आलू और भुनी हुई मूंगफली मिलाई जाती है, तो इसका स्वाद और पौष्टिकता दोनों बढ़ जाते हैं. यही वजह है कि कई लोग सुबह के नाश्ते या शाम के हल्के भोजन में इसे शामिल करना पसंद करते हैं.

घरों में अक्सर देखा जाता है कि व्रत के दौरान एक जैसा खाना खाते-खाते मन ऊब जाता है. ऐसे में कुरकुरी साबूदाना टिक्की स्वाद में बदलाव भी लाती है और पेट भी लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है.

सामग्री
टिक्की बनाने के लिए चाहिए
1. 1 कप साबूदाना, रातभर भिगोकर अच्छी तरह छाना हुआ
2. 2 मध्यम आकार के उबले और मैश किए हुए आलू
3. 1/2 कप भुनी हुई मूंगफली, दरदरी कुटी हुई
4. 2 बारीक कटी हरी मिर्च
5. 1 छोटा चम्मच जीरा
6. सेंधा नमक स्वादानुसार
7. घी या न्यूट्रल तेल, शैलो फ्राई करने के लिए

बनाने की आसान विधि
सबसे पहले तैयार करें मिश्रण
एक बड़े बर्तन में भीगा हुआ साबूदाना, मैश किए हुए आलू, दरदरी कुटी मूंगफली, हरी मिर्च, जीरा और सेंधा नमक डालें. अब हाथों की मदद से सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. मिश्रण इतना सख्त होना चाहिए कि टिक्की आसानी से बन जाए.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

अब टिक्की का आकार दें
मिश्रण के छोटे-छोटे हिस्से लें और हथेली से दबाकर गोल और हल्की चपटी टिक्की तैयार करें, अगर मिश्रण हाथों में चिपक रहा हो तो हथेलियों पर थोड़ा घी लगा सकते हैं.

सुनहरा होने तक सेंकें
एक नॉन-स्टिक पैन में घी या तेल गर्म करें. अब तैयार टिक्कियों को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें. बहुत तेज आंच रखने से टिक्की बाहर से जल्दी पक जाएगी लेकिन अंदर से सही नहीं बनेगी, इसलिए मध्यम आंच सबसे बेहतर रहती है.

स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स
साबूदाना सही तरीके से भिगोना जरूरी- अगर साबूदाना ज्यादा पानी में भीग जाए तो टिक्की का मिश्रण गीला हो सकता है. इसलिए साबूदाना सिर्फ उतने ही पानी में भिगोएं, जितना उसे नरम करने के लिए जरूरी हो. भीगने के बाद अतिरिक्त पानी पूरी तरह निकाल दें.

मूंगफली का स्वाद बनाएगा फर्क
भुनी हुई मूंगफली को दरदरा कूटकर डालने से टिक्की में हल्का क्रंच आता है. यही इसकी सबसे खास बात है, जो हर बाइट को और स्वादिष्ट बना देती है.

चटनी के साथ करें सर्व
इन टिक्कियों को व्रत वाली हरी धनिया की चटनी, दही या मूंगफली की चटनी के साथ परोसा जा सकता है. इससे स्वाद और भी बेहतर हो जाता है.

घर पर आसानी से बन जाएगी बाजार जैसी टिक्की
कई लोग सोचते हैं कि बाजार जैसी कुरकुरी टिक्की घर पर बनाना मुश्किल है, लेकिन सही अनुपात और धीमी आंच पर पकाने से बिल्कुल वैसा ही स्वाद मिल सकता है, अगर परिवार में बच्चे हैं, तो वे भी इस रेसिपी को बड़े चाव से खाएंगे. श्रावण के व्रत में जब कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाने का मन हो, तब यह साबूदाना टिक्की एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है. कम सामग्री, आसान विधि और शानदार स्वाद इसे हर घर की पसंदीदा व्रत रेसिपी बना देता है.



Source link

Write A Comment