दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरे T20I मुकाबले की शुरुआत ही चौकों-छक्कों के तूफान से हुई। एक छोर पर संजू सैमसन ने टी20 क्रिकेट में 9000 रन पूरे कर एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल की, तो दूसरे छोर पर अभिषेक शर्मा ने गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए शानदार शतक जड़ा। दोनों की विस्फोटक बल्लेबाजी ने शुरुआती ओवरों में ही मुकाबले का रुख भारत की ओर मोड़ दिया।

संजू ने पूरे किए 9000 रन

भारत की पारी के चौथे ओवर में मोहम्मद नबी गेंदबाजी करने आए और इसी ओवर में संजू सैमसन ने T20 क्रिकेट में 9000 रन का आंकड़ा छू लिया। बता दें, इस मैच से पहले संजू को 9 हजार रन का आंकड़ा छूने के लिए सिर्फ 23 रनों की दरकार थी। नबी की फुलर गेंद पर सैमसन ने मिड-ऑफ की दिशा में शॉट खेला। अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने दाईं ओर डाइव लगाकर कैच लेने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथों में नहीं टिक सकी। इस दौरान एक रन चुराते हुए सैमसन ने 9000 T20 रन पूरे कर लिए।

गौरतलब है कि T20 क्रिकेट में 9 हजार रन पूरे करने वाले संजू 5वें भारतीय बल्लेबाज हैं। ये बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बाद उन्होंने नबी को बिल्कुल नहीं बख्शा। अगली गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाकर उन्होंने अपने इरादे साफ कर दिए। पहला छक्का लॉन्ग-ऑन के ऊपर से आया, जबकि दूसरे पर सैमसन ने गेंद को गेंदबाज के सिर के ऊपर से सीमा रेखा के पार पहुंचा दिया। 13वें ओवर में संजू अपना अर्धशतक पूरा करने में कामयाब रहे। उन्होंने लगातार दूसरे T20I मैच में यह कमाल किया। संजू 50 रन बनाकर 14वें ओवर की पहली गेंद पर अजमतुल्लाह ओमरजई का शिकार बने। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के जड़े।

T20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज

  • विराट कोहली – 14218
  • रोहित शर्मा – 12531
  • शिखर धवन – 9797
  • सूर्यकुमार यादव – 9729
  • संजू सैमसन – 9027

अभिषेक ने मचाया तहलका

दूसरे छोर पर अभिषेक शर्मा का बल्ला शुरुआत से ही आग उगल रहा था। बाएं हाथ के इस ओपनर ने फजलहक फारूकी और मुजीब उर रहमान के खिलाफ लगातार बड़े शॉट खेले और अफगानिस्तान के गेंदबाजों को दबाव में डाल दिया।अभिषेक ने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। मोहम्मद नबी के ओवर में तीसरा छक्का जड़ते हुए उन्होंने अपनी फिफ्टी पूरी की। इसके बाद अभिषेक ने महज 30 गेंदों पर सैकड़ा जड़ते हुए नया इतिहास रच दिया। अभिषेक भारत की ओर से T20I क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय बने। उन्होंने रोहित शर्मा का 9 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त किया। अभिषेक 108 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 11 छक्के जड़े।

यह भी पढ़ें:

कितने बजे शुरू होगा एशियन गेम्स में भारतीय टीम का मुकाबला, शाम नहीं अब सुबह देखिए टी20 इंटरनेशनल मैच

पाकिस्तान क्रिकेट टीम हारते- हारते बची, आखिरी ओवर में थाईलैंड को हराकर एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंची

Latest Cricket News





Source link

Write A Comment