Maa Ki Dal Recipe: बैसाखी का त्योहार आते ही घरों में खुशियों के साथ-साथ खाने की खुशबू भी फैलने लगती है. खासकर पंजाबी खाना इस मौके पर हर किसी की पहली पसंद बन जाता है. ऐसे में अगर आप कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो दिल भी जीत ले और स्वाद में भी याद रह जाए, तो “मां की दाल” यानी दाल मखनी एक परफेक्ट चॉइस है. ये वही डिश है जो शादी, पार्टी या किसी भी खास मौके पर जरूर देखने को मिलती है. लेकिन अक्सर लोगों को लगता है कि रेस्टोरेंट जैसा क्रीमी और रिच स्वाद घर पर नहीं आ सकता. यहीं पर काम आती है शेफ कुणाल कपूर स्टाइल की यह आसान रेसिपी, जो घर की सिंपल सामग्री से भी कमाल का स्वाद दे सकती है.
सही तरीके से धीमी आंच पर पकाई गई दाल, सही तड़का और थोड़ा सा प्यार-बस यही तीन चीजें इस डिश को खास बना देती हैं. इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि कैसे आप घर पर ही बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा क्रीमी और स्मूद “मां की दाल” बना सकते हैं, जिसे खाकर आपके घर वाले ही नहीं, पड़ोसी भी रेसिपी पूछने आ जाएंगे.
क्या है मां की दाल की खास बात?
मां की दाल असल में साबुत काले उड़द और थोड़े से राजमा से बनती है. इसे जल्दी-जल्दी नहीं बल्कि धीरे-धीरे पकाया जाता है, जिससे इसका टेक्सचर गाढ़ा और क्रीमी बनता है. इसमें मक्खन, क्रीम और देसी तड़का मिलकर ऐसा स्वाद देते हैं जो एक बार खा लिया तो भूलना मुश्किल हो जाता है. यही वजह है कि ये डिश हर पंजाबी फंक्शन की जान मानी जाती है.
जरूरी सामग्री
-1 कप साबुत काला उड़द
-6 कप पानी
-नमक स्वादानुसार
-1 बड़ा चम्मच अदरक (कटा)
-1 बड़ा चम्मच लहसुन (कटा)
-½ छोटा चम्मच हींग
-½ कप प्याज (कटा)
-2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
-½ छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
तड़के के लिए
-3 बड़े चम्मच घी
-½ कप प्याज
-2 छोटे चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च
-1 छोटा चम्मच जीरा पाउडर
-एक चुटकी गरम मसाला
-एक चुटकी कसूरी मेथी
-ऊपर से मक्खन
बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले उड़द दाल को अच्छी तरह धोकर रातभर भिगो दें. इससे दाल जल्दी और अच्छे से पकती है. अब प्रेशर कुकर में दाल के साथ पानी, नमक, अदरक, लहसुन, प्याज, हींग, काली मिर्च और सरसों का तेल डालें. इसे करीब 50–55 मिनट तक पकाएं ताकि दाल पूरी तरह गल जाए. दाल पकने के बाद उसे हल्का सा मैश कर लें ताकि टेक्सचर क्रीमी हो जाए. अब एक पैन में घी गर्म करें, उसमें प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. फिर इसमें कश्मीरी मिर्च, जीरा पाउडर, गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें. इस तैयार तड़के को गर्म दाल में डालें और 2–3 मिनट तक पकाएं. आखिर में ऊपर से मक्खन डालकर गरमा-गरम सर्व करें.
परोसने का सही तरीका
मां की दाल को आप नान, कुलचा या जीरा राइस के साथ परोस सकते हैं. साथ में प्याज और नींबू डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
परफेक्ट टेस्ट के लिए टिप्स
दाल को हमेशा धीमी आंच पर पकाएं. ज्यादा क्रीमी टेक्सचर के लिए थोड़ा मक्खन या क्रीम डाल सकते हैं. तड़का हमेशा ताजा बनाकर डालें. दाल को थोड़ा मैश करना न भूलें.