Last Updated:
Korean Paneer Rice: राजस्थान की रसोई में अब कोरियन फ्लेवर का तड़का भी पसंद किया जा रहा है. अगर आप वीकेंड पर कुछ नया और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो क्रिस्पी पनीर, स्पाइसी-स्वीट कोरियन सॉस और गर्मागर्म चावल से तैयार यह पनीर राइस बाउल बेहतरीन विकल्प है. कम समय और आसान सामग्री से बनने वाली यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगी.
नागौर. राजस्थान की रसोई अपने पारंपरिक स्वाद के लिए देशभर में मशहूर है, लेकिन बदलते समय के साथ अब यहां के घरों में भी नए-नए फ्यूजन व्यंजन पसंद किए जाने लगे हैं. खासकर युवाओं और बच्चों के बीच कोरियन फ्लेवर वाले खाने का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है. अगर आप भी घर पर ऐसा व्यंजन बनाना चाहते हैं, जिसमें कोरियन स्वाद के साथ भारतीय और राजस्थानी रसोई की सादगी भी झलके, तो पनीर राइस बाउल आपके लिए शानदार विकल्प है.
कुरकुरा पनीर, हल्की तीखी-मीठी कोरियन सॉस और गर्मागर्म चावल का यह मेल खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा समय या महंगी सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. इस रेसिपी में पनीर मुख्य होता है, जो प्रोटीन
से भरपूर होने के साथ स्वाद में भी बेहतरीन होता है. इसे कॉर्नफ्लोर, लाल मिर्च पाउडर, मिक्स्ड हर्ब्स और नमक के घोल में डुबोकर कॉर्नफ्लेक्स के चूरे में लपेटा जाता है. इसके बाद हल्के तेल में शैलो फ्राई करने से पनीर बाहर से बेहद कुरकुरा और अंदर से नरम रहता है. यही कुरकुरापन इस रेसिपी को खास बनाता है और हर उम्र के लोगों को पसंद आता है.
इन सामग्री की जरूरत
फूड ब्लॉगर अंजली चौधरी ने बताया कि इस डिश का दूसरा सबसे अहम हिस्सा है, इसकी कोरियन सॉस. इसके लिए एक बड़ा चम्मच गोचुजांग पेस्ट, एक छोटा चम्मच सोया सॉस, आधा छोटा चम्मच सफेद सिरका, दो छोटे चम्मच शहद और एक छोटा चम्मच तिल मिलाकर स्वादिष्ट सॉस तैयार की जाती है. गोचुजांग पेस्ट आजकल बड़े किराना स्टोर और ऑनलाइन आसानी से उपलब्ध है. यह सॉस तीखेपन, मिठास और हल्के खट्टे स्वाद का ऐसा संतुलन बनाती है, जो पूरे व्यंजन को रेस्तरां जैसा स्वाद देती है.
ऐसे बनाए दिश
फूड ब्लॉगर ने बताया कि रेसिपी तैयार करने के लिए सबसे पहले पैन में थोड़ा-सा तेल गर्म करें और उसमें बारीक कटा लहसुन व हरा प्याज या सामान्य प्याज डालकर कुछ सेकंड तक भूनें. जब लहसुन की खुशबू आने लगे, तब तैयार कोरियन सॉस डालें और हल्का पकाएं. इसके बाद कुरकुरे तले हुए पनीर के टुकड़े डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि हर टुकड़े पर सॉस की परत चढ़ जाए. अब इसे गर्मागर्म सादे या हल्के मसालेदार चावल के ऊपर रखें और साथ में ताजा खीरे का सलाद परोसें.
अधिक स्वाद के लिए ये करे
राजस्थान के परिवारों में वीकेंड या छुट्टी के दिन कुछ अलग बनाने की इच्छा होती है. ऐसे में यह पनीर राइस बाउल पारंपरिक दाल-बाटी या रोजमर्रा की सब्जी-रोटी से हटकर एक नया और स्वादिष्ट विकल्प बन सकता है. अगर आप चाहें तो इसमें हल्की राजस्थानी छाप देने के लिए ऊपर से भुना हुआ सफेद तिल, बारीक कटा हरा धनिया या चुटकीभर कश्मीरी लाल मिर्च भी छिड़क सकते हैं. इससे इसका स्वाद और अधिक बढ़ जाएगा.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें