Dahi Vada Recipe: आपको घर पर ऐसा कुछ बनाना है जो हल्का भी हो, स्वाद में चटपटा भी लगे और हर किसी को पसंद आए, तो दही वड़ा एकदम परफेक्ट ऑप्शन है. खास बात ये है कि इसे बनाने में बहुत ज्यादा झंझट नहीं होता, बस थोड़ा सा सही तरीका अपनाना पड़ता है. कई लोग कोशिश करते हैं, लेकिन उनके वड़े सख्त या भारी बन जाते हैं. असल में गलती रेसिपी में नहीं, बल्कि छोटी-छोटी स्टेप्स में होती है, जिन्हें हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं. इस आर्टिकल में आपको वही आसान और काम की ट्रिक मिलेगी जिससे आपके दही वड़े हमेशा नरम, फूले हुए और स्पंजी बनेंगे. यहां जो तरीका बताया गया है, वो घर की किचन के हिसाब से बिल्कुल सिंपल है.
इसमें न कोई मुश्किल चीज है और न ही ज्यादा समय लगता है. बस दाल को सही तरीके से तैयार करना, उसे अच्छे से फेंटना और फिर सही तरह से फ्राई करना -यही पूरा गेम है. तो अगर आप चाहते हैं कि आपके बनाए दही बड़े देखकर लोग पूछें “ये इतने सॉफ्ट कैसे बने?”, तो इस रेसिपी को ध्यान से पढ़ें और एक बार जरूर ट्राई करें.
दही वड़ा बनाने की आसान रेसिपी
1. दाल की तैयारी
सबसे पहले उड़द दाल को करीब 4 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. जब दाल अच्छे से फूल जाए, तो उसे 2–3 बार पानी से धो लें. अब इसे मिक्सर में डालें और बहुत कम पानी डालकर बारीक पीस लें. ध्यान रखें बैटर ज्यादा पतला न हो.
2. बैटर को फेंटना -सबसे जरूरी स्टेप
अब इस पीसी हुई दाल को एक बाउल में निकालें और 3–4 मिनट तक एक ही दिशा में लगातार फेंटें. यही वो स्टेप है जो आपके दही वड़े को सॉफ्ट और स्पंजी बनाता है. एक छोटा सा टेस्ट करें -बैटर का थोड़ा हिस्सा पानी में डालें, अगर वो ऊपर तैरने लगे तो समझिए बैटर परफेक्ट है.
3. मसाले मिलाना
अब इसमें थोड़ा सा हींग, काली मिर्च पाउडर, कद्दूकस किया हुआ अदरक और स्वाद के हिसाब से नमक डालें. सबको अच्छे से मिक्स करें.
4. दही तैयार करें
दही को अच्छे से फेंट लें. उसमें थोड़ा पानी डालकर स्मूद बना लें. फिर इसमें भुना जीरा पाउडर और काला नमक डालकर मिक्स करें. इसे साइड में रख दें.
5. वड़े तलना
कढ़ाई में तेल गर्म करें. अब हाथ या चम्मच से बैटर डालकर वड़े बनाएं. मध्यम आंच पर दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन होने तक फ्राई करें. एक बैच को तलने में करीब 5–6 मिनट लगते हैं.
6. पानी में डालना
तले हुए वड़े को तुरंत ठंडे पानी में डाल दें. इससे वड़े नरम हो जाते हैं. 2 मिनट बाद हल्के हाथ से दबाकर पानी निकाल लें.
7. दही में मिलाना
अब इन नरम वड़े को तैयार दही में डाल दें और अच्छे से मिक्स करें. ऊपर से लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर डाल सकते हैं.
टिप्स जो आपके दही वड़े को परफेक्ट बनाएंगे
बैटर को अच्छे से फेंटना सबसे जरूरी है. ज्यादा पानी डालकर बैटर पतला न करें. तेल बहुत तेज या बहुत धीमा न रखें. पानी में डालना कभी न भूलें.