होमफोटोलाइफ़फूड

200 ग्राम का पोटली समोसा… एक बार खाया तो बार-बार याद आएगा स्वाद, जानिए खासियत

Last Updated:

अगर आप रोज-रोज एक जैसे तिकोने समोसे खाकर बोर हो चुके हैं, तो लखीमपुर खीरी का यह खास पोटली समोसा आपके स्वाद को एक नया ट्विस्ट देने वाला है. गोला नगर के अलीगंज रोड पर मिलने वाला यह अनोखा समोसा अपने अलग आकार, भरपूर स्टफिंग और किफायती कीमत के कारण लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. यहां मिलने वाला हर एक पोटली समोसा न सिर्फ पेट भरता है, बल्कि स्वाद का ऐसा अनुभव देता है जिसे लोग बार-बार याद करते हैं.

लखीमपुर खीरी: चाहे कड़कड़ाती ठंड हो या रिमझिम बरसात, चाय के साथ अगर गरमा-गरम समोसा मिल जाए तो दिन बन जाता है. लेकिन अगर आप वही साधारण तिकोना समोसा खाकर ऊब चुके हैं, तो आपको गोला नगर के इस खास पोटली समोसे का स्वाद जरूर लेना चाहिए. आजकल शहर के अलीगंज रोड पर इस अनोखे समोसे ने ऐसी धूम मचा रखी है कि इसका जायका लेने के लिए लोगों को अपनी बारी का लंबा इंतजार करना पड़ता है.

इस पोटली समोसे की शुरुआत की कहानी भी बड़ी मजेदार है. दुकानदार सैफी नईम खान बताते हैं कि एक बार उनका कारीगर काम पर नहीं आया था और ग्राहकों की भीड़ बढ़ती जा रही थी. तभी उन्होंने अचानक समोसे को पोटली का आकार देकर तैयार कर दिया.

बस, उसी दिन से यह प्रयोग लोगों को इतना पसंद आया कि आज इसकी जबरदस्त डिमांड रहती है. रोजाना करीब 200 से 300 समोसे हाथों-हाथ बिक जाते हैं और काफी दूर-दूर से लोग इसका स्वाद लेने यहां पहुंचते हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

इस समोसे की सबसे बड़ी खूबी इसकी स्टफिंग और वजन है. एक पोटली समोसे का वजन 200 ग्राम से भी अधिक होता है, जिसे बनाने के लिए उबले आलू और मटर के साथ-साथ पनीर और ढेर सारे ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल किया जाता है. दुकानदार का दावा है कि वे लोगों की सेहत का ख्याल रखते हुए घर पर तैयार मसालों और बढ़िया रिफाइंड तेल का ही प्रयोग करते हैं. खट्टी-मीठी चटनी के साथ जब यह गरमा-गरम परोसा जाता है, तो इसका स्वाद और भी लाजवाब हो जाता है.

पोटली समोसे को तैयार करने की विधि भी काफी मेहनत भरी है. इसे बनाने के लिए मैदा में अजवाइन, नमक और घी का मोयन देकर कड़ा गूंथा जाता है. फिर इसमें मसालेदार स्टफिंग भरकर इसे बहुत ही सफाई से पोटली का आकार दिया जाता है. इसके बाद इसे धीमी आंच पर तब तक तला जाता है जब तक कि यह पूरी तरह गोल्डन और कुरकुरा न हो जाए. स्वाद और सेहत से भरपूर यह बड़ा समोसा ग्राहकों को मात्र 20 रुपये में मिल जाता है.

अगर आप भी इस पोटली समोसे का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो गोला नगर के अलीगंज रोड पर मेला मैदान के गेट नंबर 2 के पास स्थित इस दुकान पर पहुंच सकते हैं. यहां सुबह 9:00 बजे से लेकर रात 11:00 बजे तक लगातार समोसे मिलते रहते हैं. ग्राहकों की भारी भीड़ के कारण कई बार यहां अपनी बारी का इंतजार भी करना पड़ता है, लेकिन, समोसे का पहला निवाला मुंह में जाते ही सारी थकान मिट जाती है.



Source link

Write A Comment