Homemade Butter: आपको भी लगता है कि घर पर बाजार जैसा मुलायम और ताजा मक्खन बनाना मुश्किल है, तो शायद आपने सही तरीका अभी तक नहीं अपनाया है. रोटी, पराठे, टोस्ट या दाल के साथ मक्खन का एक छोटा-सा टुकड़ा पूरे खाने का स्वाद बदल देता है. यही वजह है कि आज भी कई घरों में लोग ताजा मक्खन बनाना पसंद करते हैं. अच्छी बात यह है कि इसके लिए किसी महंगे उपकरण या खास सामग्री की जरूरत नहीं होती. सिर्फ गाढ़ा दही, थोड़ा धैर्य और सही तरीका अपनाकर आप कुछ ही देर में मलाईदार मक्खन तैयार कर सकते हैं.

घर का बना मक्खन न सिर्फ ताजा होता है, बल्कि इसमें किसी तरह के अतिरिक्त प्रिजर्वेटिव या फ्लेवर की चिंता भी नहीं रहती, अगर आपके घर में अक्सर दही जमता है, तो उसी से स्वादिष्ट मक्खन बनाना एक आसान और किफायती तरीका है. आइए जानते हैं कि दही से मक्खन बनाने की पूरी प्रक्रिया क्या है, किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और इसे लंबे समय तक ताजा रखने के आसान उपाय कौन-से हैं.

दही से मक्खन बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?

घर पर मक्खन बनाने के लिए बहुत ज्यादा तैयारी की जरूरत नहीं होती, अगर आपके पास अच्छी तरह जमा हुआ गाढ़ा दही है, तो आधा काम पहले ही हो चुका है.

सामग्री:

1. 1 किलो गाढ़ा और अच्छी तरह जमा हुआ दही
2. थोड़ा ठंडा पानी
3. एक गहरा बर्तन
4. मथनी या हैंड ब्लेंडर
5. स्वादानुसार नमक (अगर नमकीन मक्खन बनाना चाहें)

दही से मक्खन बनाने का आसान तरीका

सबसे पहले दही को अच्छी तरह मथें

दही को एक बड़े और गहरे बर्तन में निकाल लें. अब मथनी या हैंड ब्लेंडर की मदद से इसे लगातार चलाना शुरू करें. शुरुआत में दही सामान्य दिखाई देगा, लेकिन कुछ मिनट बाद इसमें बदलाव नजर आने लगेगा.

धीरे-धीरे अलग होने लगेगा मक्खन

लगातार मथने से दही में मौजूद फैट अलग होने लगता है. कुछ समय बाद आपको ऊपर छोटे-छोटे मक्खन के दाने तैरते हुए दिखाई देंगे. यही संकेत है कि मक्खन बनने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.

अब डालें ठंडा पानी

जब मक्खन के कण दिखने लगें, तब थोड़ा-थोड़ा ठंडा पानी मिलाएं और दोबारा मथें. ठंडा पानी डालने से मक्खन के छोटे कण एक साथ इकट्ठा होकर बड़ा गोला बनाने लगते हैं.

मक्खन और छाछ हो जाएंगे अलग

कुछ देर बाद मक्खन ऊपर जमा हो जाएगा और नीचे पतला तरल बच जाएगा. यह तरल छाछ होती है, जिसे फेंकने की जरूरत नहीं है. इसे मसाले डालकर पी सकते हैं या फिर कढ़ी और आटा गूंथने में इस्तेमाल कर सकते हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

मक्खन को साफ करने का सही तरीका

जब मक्खन पूरी तरह अलग हो जाए, तो उसे हाथ या चम्मच की मदद से निकालकर अलग बर्तन में रखें. इसके बाद इसे दो से तीन बार ठंडे पानी से हल्के हाथों से धो लें. इससे मक्खन में बची हुई छाछ निकल जाएगी और इसका स्वाद ज्यादा अच्छा रहेगा. आखिर में हल्के हाथ से दबाकर अतिरिक्त पानी निकाल दें.

नमकीन या बिना नमक, जैसा पसंद वैसा स्वाद

अगर आपको नमकीन मक्खन पसंद है, तो इसमें स्वादानुसार थोड़ा नमक मिला सकते हैं. वहीं मीठे स्वाद के लिए इसे बिना नमक के भी रखा जा सकता है. ताजा मक्खन गर्म रोटी, पराठे, टोस्ट, मक्के की रोटी या सादी दाल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है.

घर का मक्खन क्यों होता है खास?

ताजगी और शुद्धता

बाजार के मुकाबले घर का बना मक्खन पूरी तरह ताजा होता है. इसमें अतिरिक्त प्रिजर्वेटिव या कृत्रिम फ्लेवर नहीं होते, इसलिए कई लोग इसे ज्यादा पसंद करते हैं.

हर घर की पुरानी परंपरा

गांवों में आज भी कई परिवार नियमित रूप से दही मथकर मक्खन निकालते हैं. बच्चों के नाश्ते से लेकर त्योहारों के व्यंजनों तक, ताजा मक्खन का इस्तेमाल लंबे समय से भारतीय रसोई का हिस्सा रहा है.

बची हुई छाछ भी होती है काम की

मक्खन बनने के बाद बची छाछ पोषक और स्वादिष्ट होती है. गर्मियों में यह शरीर को ठंडक देने वाला पेय भी मानी जाती है.

मक्खन को लंबे समय तक ताजा कैसे रखें?

घर का बना मक्खन हमेशा साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में रखें. इसे फ्रिज में स्टोर करना सबसे बेहतर रहता है. मक्खन निकालते समय हमेशा सूखे और साफ चम्मच का इस्तेमाल करें ताकि उसमें नमी या गंदगी न पहुंचे. सही तरीके से रखने पर मक्खन कई दिनों तक ताजा बना रह सकता है, हालांकि इसका ताजा स्वाद इतना अच्छा होता है कि यह अक्सर जल्दी खत्म हो जाता है.



Source link

Write A Comment