Moong Dal Pakodi Recipe: बरसात के मौसम में गरमा-गरम पकोड़ी खाने का मजा ही अलग होता है. अगर आप हलवाई जैसी कुरकुरी और अंदर से जालीदार मूंग दाल पकोड़ी घर पर बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके काम आएगी. इसे बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को धोकर करीब 2 घंटे के लिए भिगो दें. फिर पानी निकालकर दाल को बिना पानी या बहुत कम पानी डालकर हल्का दरदरा पीस लें. अब साबुत धनिया, सौंफ, अजवाइन, जीरा और सूखी लाल मिर्च को हल्का भून लें. ठंडा होने पर इन्हें दरदरा पीसकर दाल के बैटर में मिला दें. इसके बाद नमक, मसाले, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, हरा धनिया और कसूरी मेथी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब बैटर में 2 चम्मच बेसन और 2 चम्मच गर्म तेल डालकर अच्छी तरह फेंटें. आखिर में 2 चुटकी मीठा सोडा डालें और उस पर थोड़ा पानी डालकर फेंट लें. फिर, कड़ाही में तेल गर्म करें. झारे पर बैटर रखकर हल्के हाथ से दबाते हुए गर्म तेल में डालें.पहले तेज आंच पर और फिर मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.