Last Updated:

Dum Aalu Recipe: अगर आपको भी ढाबों वाली दम आलू की सब्जी का स्वाद पसंद है, तो आप इसे घर पर आसानी से बना सकते हैं. छोटे आलू, सरसों का तेल, खड़े मसाले और ताजा मसालों से तैयार यह दम आलू स्वाद में बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा लगेगा. जानिए फूड एक्सपर्ट रितिका से ढाबा स्टाइल दम आलू बनाने की आसान रेसिपी.

Dum Aalu Recipe: आगरा अपने स्वादिष्ट खानपान के लिए देशभर में मशहूर है. यहां की गलियों से लेकर रेस्टोरेंट और ढाबों तक कई ऐसे व्यंजन मिलते हैं, जिनका स्वाद लोग कभी नहीं भूलते. अगर आपको भी ढाबे जैसी मसालेदार और खुशबूदार सब्जी पसंद है, तो आज हम आपको ढाबा रेस्टोरेंट स्टाइल दम आलू बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे. छोटे आलू, घर के मसाले और सरसों के तेल में तैयार यह सब्जी स्वाद में इतनी खास होती है कि परिवार के लोग आपकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएंगे. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे आप अपने स्वाद के हिसाब से कम या ज्यादा मसाले डालकर घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं.

दम आलू बनाने के लिए तैयारी
आगरा की फूड एक्सपर्ट रितिका ने बताया, ढाबा स्टाइल दम आलू बनाने के लिए सबसे पहले छोटे आकार के आलू लें और उन्हें अच्छी तरह उबाल लें. इसके बाद ताजा टमाटर, प्याज, अदरक, लहसुन और हरी मिर्च को तैयार कर लें. अब मिक्सी की मदद से टमाटर का पेस्ट, प्याज का पेस्ट और अदरक-लहसुन-हरी मिर्च का अलग-अलग पेस्ट बना लें.
इसके बाद उबले हुए आलू को सरसों के तेल में हल्का भून लें. जब आलू हल्के सुनहरे रंग के हो जाएं तो उन्हें तेल से निकाल लें. आलू ठंडे होने के बाद उनमें किसी नुकीली चीज की मदद से छोटे-छोटे छेद कर दें. इससे ग्रेवी का मसाला आलू के अंदर तक अच्छी तरह पहुंच जाता है और स्वाद और भी बढ़ जाता है. अगर आलू बड़े हैं तो उन्हें दो हिस्सों में काट सकते हैं.

खड़े मसालों से तैयार करें ढाबे जैसी खुशबूदार
दम आलू की ग्रेवी तैयार करने के लिए कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें थोड़ा सा देसी घी डाल दें. तेल गर्म होने के बाद इसमें तेजपत्ता, बड़ी इलायची, छोटी इलायची, साबुत काली मिर्च, लौंग और अन्य खड़े मसाले डालकर धीमी आंच पर पकाएं, ताकि मसालों का स्वाद तेल में अच्छी तरह आ जाए.
इसके बाद इसमें प्याज का पेस्ट डालकर अच्छे से भूनें. करीब 5 से 6 मिनट बाद अदरक, लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट डालकर पकाएं. जब मसाले हल्के भूरे रंग के होने लगें तो इसमें टमाटर का पेस्ट डाल दें. मसाले को धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक तेल अलग दिखाई देने लगे. अगर मसाला चिपकने लगे तो थोड़ा गर्म पानी डाल सकते हैं.

मसाले डालकर तैयार करें ढाबा स्टाइल दम आलू
जब ग्रेवी अच्छी तरह पक जाए तो इसमें जरूरत के हिसाब से गर्म पानी डालें. इसके बाद कश्मीरी लाल मिर्च, गरम मसाला, दम आलू मसाला और स्वाद अनुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब इसमें भुने हुए आलू डाल दें और धीमी आंच पर करीब 10 मिनट तक पकने दें.

जब ग्रेवी में तेल ऊपर आने लगे तो समझ जाएं कि दम आलू तैयार होने लगा है. आखिर में इसमें बारीक कटा हुआ हरा धनिया और हरी मेथी डालकर मिला दें. इस तरह घर पर ही तैयार हो जाएगी ढाबा रेस्टोरेंट जैसी स्वादिष्ट दम आलू की सब्जी. इसे आप पूरी, पराठे या रोटी के साथ परोस सकते हैं.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

Write A Comment