Lauki Chana Dal Recipe : खाने में क्या बनाया जाए, यह सवाल हर घर की रोज की सबसे बड़ी उलझन होती है. इसका जवाब घर वाले भले ही कुछ भी दें, लेकिन किचन में बनता वही है जो झटपट तैयार हो सके और जिसे बनाने में ज्यादा मेहनत न लगे. हालांकि, जल्दबाजी के चक्कर में कई बार सेहत और स्वाद से समझौता करना पड़ जाता है. अगर आप भी ऐसी ही रोज की माथापच्ची से परेशान हैं, तो आज हम आपके लिए एक ऐसी शानदार और आसान रेसिपी लेकर आए हैं, जो स्वाद में बेमिसाल होने के साथ-साथ सेहत के खजाने से भी भरपूर है.
हम बात कर रहे हैं स्वादिष्ट घीया चना दाल (Lauki Chana Dal) की. अक्सर घरों में बच्चे या बड़े लौकी का नाम सुनते ही नाक सिकोड़ने लगते हैं और इसे खाने से कतराते हैं. लेकिन अगर आप इस अनोखे और आसान तरीके से घीया चना दाल बनाएंगे, तो यकीन मानिए बच्चे भी मांग-मांग कर खाएंगे और प्लेट चट कर जाएंगे. आइए जानते हैं इसे घर पर आसानी से बनाने की पूरी विधि और जरूरी सामग्री.
स्वादिष्ट घीया चना दाल (Lauki Chana Dal).
घीया चना दाल बनाने के लिए जरूरी सामग्री-
चना दाल: 1 कप (अच्छी तरह से धुली हुई)
लौकी/घीया: 2 कप (छोटे टुकड़ों में कटी हुई)
घी: 2 टी स्पून
जीरा: 1 टी स्पून
हींग: आधा टी स्पून
अदरक: 1 टी स्पून (बारीक कटा हुआ)
टमाटर: आधा छोटा कप (बारीक कटा हुआ)
हरी मिर्च: 2-3 (बारीक कटी हुई)
हल्दी पाउडर: 1 टी स्पून
धनिया पाउडर: 2 टी स्पून
कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर: 1 टी स्पून
गरम मसाला: आधा टी स्पून
हरा धनिया: 1 टी स्पून (बारीक कटा हुआ)
नींबू का रस: स्वादानुसार (सर्व करते समय)
घीया चना दाल बनाने का आसान तरीका-
दाल उबालें:
घीया चना दाल बनाने के लिए सबसे पहले चने की दाल को पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद एक कुकर में 3 कप पानी और धुली हुई दाल डालें. अब इसमें हल्दी पाउडर, नमक, हींग और बारीक कटा हुआ अदरक डालकर कुकर का ढक्कन बंद कर दें. मध्यम आंच पर 3 सीटी आने तक पकाएं और फिर गैस बंद कर दें. जब कुकर का प्रेशर अपने आप निकल जाए, तो ढक्कन खोलकर चेक कर लें कि दाल अच्छे से पकी है या नहीं.
तड़का तैयार करें:
अब एक पैन या कढ़ाई लें और उसमें 2 टी स्पून घी गर्म करें. घी गर्म होने के बाद उसमें जीरा और हींग का तड़का लगाएं. जब जीरा चटकने लगे, तो उसमें कटे हुए टमाटर डालें और अच्छी तरह से पकाएं. इसके बाद पैन में हरी मिर्च, गरम मसाला, धनिया पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर मसालों को तेल छोड़ने तक भून लें.
लौकी और दाल मिलाएं:
मसालों के भुन जाने के बाद इसमें छोटे टुकड़ों में कटी हुई लौकी (घीया) मिला दें. इसके बाद इस मिश्रण को पहले से उबली हुई चने की दाल में पलट दें और सभी चीजों को अच्छी तरह से मिला लें.
पकाने की प्रक्रिया:
अब इस पूरी डिश में एक अच्छा उबाल आने दें. उबाल आने के बाद गैस की आंच धीमी कर दें और इसे लगभग 10 मिनट के लिए धीमी आंच पर और पकने दें, ताकि लौकी और दाल आपस में अच्छी तरह घुल-मिल जाएं और मसालों का स्वाद अंदर तक समा जाए.
अंत में इसके ऊपर बारीक कटा हुआ हरा धनिया छिड़कें. आपकी गरमा-गरम और स्वादिष्ट घीया चना दाल बनकर तैयार है. आप चाहें तो खाते समय इसका स्वाद और बढ़ाने के लिए ऊपर से थोड़ा सा नींबू का रस भी निचोड़ सकते हैं.
इस बेहतरीन घीया चना दाल को आप गरमा-गरम रोटियों, नान या उबले हुए चावल के साथ डिनर या लंच में सर्व कर सकते हैं. यह हल्की होने के साथ-साथ पेट के लिए भी बेहद फायदेमंद है.