गर्मियों के मौसम में तरबूज (Watermelon) का सेवन हर किसी को करना चाहिए, क्योंकि ये पानी से भरपूर फल है. तरबूज में लगभग 92 प्रतिशत तक पानी होता है, जो आपको समर सीजन में हाइड्रेटेड रखता है और डिहाइड्रेशन से बचाता है. हालांकि, तरबूज साइज में इतना बड़ा होता है कि जल्दी खत्म नहीं होता. फैमिली छोटी हो, खाना वाले दो ही लोग हों तो फिर कटे हुए तरबूज को लोग फ्रिज में रख देते हैं. लेकिन, जिनके पास फ्रिज नहीं या जो गलती से कटे तरबूज को बाहर ही छोड़ दें तो कैसे पहचानें की ये खाने लायक है या नहीं? चलिए यहां जानते हैं कि अगर रूम टेम्परेचर में ही कटा तरबूज गलती से रह जाए तो ये कितनी देर सही रहता है, कब तक इसका सेवन कर लेना चाहिए और बाहर तरबूज को रखने का तरीका क्या है?

गर्मी में कटा हुआ तरबूज कितनी देर में हो सकता है खराब?
Watermelon खाने से शरीर ठंडा रहता है. हाइड्रेटेड रहता है. इसमें लाइकोपीन (इसी से इस फल को लाल रंग मिलता है), विटामिन सी, ए, पोटैशियम, मैग्नीशियम, विटामिन बी6, अमीनो एसिड आदि से भरपूर तरबूज सेहत को कई तरह से लाभ पहुंचाता है. हालांकि, भीषण गर्मी में कटा हुआ तरबूज जल्दी खराब भी हो सकता है. इसे अगर आप फ्रिज में रखना भूल गए तो इसमें बाहर बैक्टीरिया तेजी से पनपने लगते हैं. चूंकि, इसमें पानी अधिक होता है और नमी के कारण बैक्टीरिया जल्दी पनपते हैं. इससे आपको फूड पॉइजनिंग भी हो सकता है.

विशेषज्ञों के अनुसार, यदि गर्मी बहुत अधिक पड़ रही है तो तरबूज (Watermelon) नॉर्मल कमरे के तापमान पर लगभग 1 से 2 घंटे तक ही सुरक्षित रह सकता है. यदि तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास या इससे भी अधिक है तो यह फल जल्दी खराब हो सकता है. इसमें निम्न समस्याएं शुरू हो सकती:

– स्वाद में खट्टापन आ जाता है.
-पानी अलग दिखने लगता है.
-तरबूज की स्मेल भी बदल सकती है.
-टेस्ट खराब हो सकता है.

इस तरह का तरबूज, जिसे आपने फ्रिज में नहीं, बल्कि बाहर ही किचन में पॉलीथिन या ढक कर भी रख दिया है तो इससे पेट खराब हो सकता है. दर्द हो सकता है, उल्टी, पेट में संक्रमण, दस्त, फूड पॉयजनिंग आदि का खतरा बढ़ सकता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

कटा हुआ तरबूज कब तक खा लेना चाहिए?
यदि आप कमरे के तापमान में रखते हैं तो इसे 1 से 2 घंटे के अंदर खा लेना चाहिए.
फ्रिज में रखते हैं तो 24 घंटे तक बेहतर माना जाता है.
एयरटाइट कंटेनर में रखने से इसकी ताजगी कुछ अधिक समय तक बनी रह सकती है.
विशेषज्ञों के अनुसार, कटा हुआ फल कोई भी हो, उन्हें जल्दी खा लेना ही सेहत के लिए सुरक्षित होता है.

बिना फ्रिज के तरबूज बाहर कैसे रखें?

-जिन लोगों के पास फ्रिज नहीं है, वो तरबूज को ठंडी और छायादार जगह पर रखें.
-तरबूज को धूप में न रखें. ठंडी और हवादार जगह पर रखें, इससे ये जल्दी नहीं खराब होता है.
-आप कटे हुए भाग को गीले कपड़े से ढक सकते हैं. मार्केट से फूड-ग्रेड प्लास्टिक रैप लाकर कवर कर सकते हैं. इससे फल पर गर्म हवा डायरेक्ट नहीं लगेगी.
-गांवों में मिट्टी के बर्तनों में फल को सुरक्षित रखा जाता है. आप भी ये ट्रिक आजमा सकते हैं. मिट्टी के बर्तनों में तापमान थोड़ा ठंडा बना रहता है.
-तरबूज के कटे वाले भाग को आप खुला ना छोड़ें. इससे इस पर मक्खियां बैठ सकती हैं. तरबूज को प्लेट या ढक्कन से अच्छी तरह कवर करें, ताकि धूल और बैक्टीरिया न लगें.

कैसे पहचानें कि तरबूज खराब हो गया है?
खट्टी या अजीब गंध आए तो समझ लें तरबूज खराब हो गया है.
छूने पर चिपचिपापन महसूस हो तो इसे खाने से परहेज करें.
लाल से रंग बदलकर हल्का पड़ जाए तो खाने से बचें.
यदि तरबूज बहुत अधिक नर्म हो जाए तो न खाएं.



Source link

Write A Comment