Healthy Khakhra Recipe: आपको लगता है कि खाखरा सिर्फ मशीन से ही बन सकता है या फिर इसके लिए गेहूं का आटा होना जरूरी है, तो अब अपनी सोच बदलने का समय आ गया है. आजकल हेल्दी खाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है और लोग ग्लूटेन-फ्री ऑप्शन भी खूब पसंद कर रहे हैं. ऐसे में अगर घर पर बिना मशीन के कुरकुरा, स्वादिष्ट और हेल्दी खाखरा बन जाए, तो इससे बेहतर क्या हो सकता है. कुकिंग एक्सपर्ट पूनम देवनानी ने एक ऐसी आसान रेसिपी शेयर की है, जिसमें गेहूं की जगह ज्वार, चावल का आटा, बेसन और ताजी मेथी का इस्तेमाल किया गया है.

खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी खास मशीन या महंगे किचन टूल की जरूरत नहीं पड़ती. सिर्फ तवा, बेलन और थोड़ी सी मेहनत से आप बाजार जैसा पतला और क्रिस्पी खाखरा तैयार कर सकते हैं, अगर आप रोज के नाश्ते में कुछ हल्का, पौष्टिक और लंबे समय तक स्टोर किया जा सकने वाला स्नैक ढूंढ रहे हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है.

घर पर बिना मशीन के बनाएं हेल्दी और क्रिस्पी खाखरा
खाखरा गुजरात का एक बेहद लोकप्रिय स्नैक है, जिसे अब पूरे देश में पसंद किया जाता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह हल्का, कुरकुरा और लंबे समय तक खराब नहीं होता. पूनम देवनानी की इस रेसिपी में गेहूं की जगह ज्वार और चावल के आटे का इस्तेमाल किया गया है, जिससे यह ग्लूटेन-फ्री डाइट फॉलो करने वालों के लिए भी अच्छा विकल्प बन जाता है.

खाखरा बनाने के लिए सामग्री
1. 1 कटोरी मेथी के पत्ते
2. 1 चम्मच अदरक का पेस्ट
3. 1 चम्मच बारीक कटी हरी मिर्च
4. 1/4 चम्मच हींग
5. 1 चम्मच नमक
6. 1 चम्मच चीनी
7. 2 से 3 चम्मच तेल
8. 2 कप ज्वार का आटा
9. 1 कप चावल का आटा
10. 1 कप बेसन (या मक्के का आटा)
11. 1/4 चम्मच हल्दी
12. 1/2 चम्मच जीरा
13. 1/2 चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
14. जरूरत के हिसाब से दूध या दही
15. ग्रीसिंग के लिए थोड़ा सा तेल

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

सबसे पहले करें यह तैयारी
सबसे पहले मेथी के पत्तों को डंठल से अलग कर लें और नमक मिले पानी में कुछ देर के लिए भिगो दें. इससे पत्तों की सफाई भी हो जाएगी और हल्की कड़वाहट भी कम हो जाएगी. इसके बाद मिक्सर में अदरक, हरी मिर्च, हींग, नमक, चीनी और तेल डालकर एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लें. इस पेस्ट में थोड़ा ज्यादा तेल डालने से खाखरा ज्यादा कुरकुरा बनता है.

आटे को सही तरीके से मिलाएं
अब ज्वार का आटा, चावल का आटा और बेसन को छलनी से छान लें. इससे आटे में गांठें नहीं रहेंगी और बेलने में आसानी होगी. इसके बाद हल्दी, जीरा और बारीक कटी हुई मेथी डालें. साथ में हरा धनिया और तैयार किया गया मसाला पेस्ट भी मिला दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर एक जैसा मिश्रण तैयार करें.

ऐसे गूंथें मुलायम आटा
इस रेसिपी में पानी की जगह दूध या दही का इस्तेमाल करने से खाखरे का स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाते हैं, अगर आप खाखरे को जल्दी इस्तेमाल करने वाले हैं, तो पानी से भी आटा गूंथ सकते हैं. आटा न ज्यादा सख्त हो और न ज्यादा नरम. इसे कुछ मिनट ढककर रख दें ताकि सभी चीजें अच्छी तरह सेट हो जाएं.

पतला बेलना है सबसे जरूरी
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. थोड़ा चावल का आटा लगाकर इन्हें जितना हो सके उतना पतला बेलें, अगर गोल आकार चाहिए तो किसी प्लेट या ढक्कन की मदद से किनारे काट सकते हैं. खाखरा जितना पतला होगा, उतना ही ज्यादा कुरकुरा बनेगा.

इस तरीके से सेंकेंगे तो मिलेगा परफेक्ट क्रंच
मध्यम आंच पर तवा गर्म करें और उस पर खाखरा रखें. दोनों तरफ हल्का तेल लगाते हुए किसी कपड़े या स्पैटुला से दबाकर सेंकते रहें. यही तरीका खाखरे को पूरी तरह कुरकुरा बनाता है. जब दोनों तरफ सुनहरा रंग आ जाए, तो इसे तवे से उतार लें. तैयार खाखरे को प्लेट में रखने की बजाय जाली पर ठंडा होने दें. इससे उसमें नमी नहीं आएगी और उसकी क्रिस्पीनेस लंबे समय तक बनी रहेगी.

स्टोर करने का आसान तरीका
खाखरा पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही एयरटाइट डिब्बे में रखें, अगर उसमें हल्की भी गर्मी रह गई तो नमी आने लगेगी और कुरकुरापन खत्म हो सकता है. सही तरीके से स्टोर किया गया खाखरा कई दिनों तक स्वादिष्ट बना रहता है.



Source link

Write A Comment