Last Updated:
Easy Noodles Recipe: नूडल्स बच्चों से लेकर बड़ों तक की पसंदीदा डिश हैं, लेकिन घर पर अक्सर उनका स्वाद रेस्टोरेंट जैसा नहीं बन पाता. अगर आप भी कम समय में स्वादिष्ट, मसालेदार और परफेक्ट टेक्सचर वाले वेज नूडल्स बनाना चाहते हैं, तो नीचे दी गई कुछ आसान कुकिंग टिप्स आपकी मदद कर सकती हैं. सही तरीके से नूडल्स उबालने, सब्जियों को तेज आंच पर पकाने और सॉस का सही बैलेंस से आप घर पर ही रेस्टोरेंट-स्टाइल वेज नूडल्स का लाजवाब स्वाद पा सकते हैं. आइए जानते है नूडल्स बनाने के कुछ आसान टिप्स.
नूडल्स आज के समय में बच्चों से लेकर बड़ों तक की पसंदीदा डिश बन चुके हैं. चाहे शाम का हल्का नाश्ता हो, बच्चों का टिफिन या फिर वीकेंड पर कुछ स्वादिष्ट खाने का मन, नूडल्स हर मौके पर लोगों की पहली पसंद में शामिल रहते हैं. खासकर रेस्टोरेंट और स्ट्रीट-स्टाइल नूडल्स का स्वाद लोगों को बेहद आकर्षित करता है.
हालांकि, कई लोगों को लगता है कि घर पर वैसा स्वाद और टेक्सचर लाना आसान नहीं है, खासकर शाकाहारी लोगों के लिए, लेकिन कुछ आसान टिप्स और सही तरीके अपनाकर घर पर भी बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा स्वादिष्ट और पौष्टिक वेज नूडल्स तैयार किए जा सकते हैं.
रेस्टोरेंट-स्टाइल नूडल्स बनाने के लिए आपको 1 पैकेट फ्राइड नूडल्स, 1 बारीक कटा प्याज, 1 शिमला मिर्च, 1 गाजर, 1 कप बारीक कटी पत्तागोभी, 2 से 3 लहसुन की कलियां, 2 बड़े चम्मच सोया सॉस, 1 बड़ा चम्मच टोमैटो सॉस, 1 छोटा चम्मच चिली सॉस, स्वादानुसार नमक, काली मिर्च पाउडर और 2 बड़े चम्मच तेल की जरूरत होगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में पर्याप्त मात्रा में पानी उबालें. इसमें थोड़ा नमक और तेल की कुछ बूंदें डालें. अब नूडल्स डालकर उन्हें 80 से 90 प्रतिशत तक ही पकाएं. पूरी तरह पकाने से नूडल्स टूट सकते हैं और उनका टेक्सचर खराब हो सकता है. नूडल्स उबलने के बाद तुरंत उनका पानी निकाल दें और उन्हें ठंडे पानी से धो लें. इससे वे आपस में चिपकेंगे नहीं और उनका आकार भी बना रहेगा.
इसके बाद सभी सब्जियों को लंबी और पतली पट्टियों में काट लें. रेस्टोरेंट-स्टाइल नूडल्स की सबसे बड़ी खासियत यही होती है कि उनमें इस्तेमाल की गई सब्जियां हल्की कुरकुरी रहती हैं. इसलिए सब्जियों को अधिक देर तक पकाने से बचें.
अब एक कड़ाही या बड़े पैन में तेल गरम करें. सबसे पहले बारीक कटा हुआ लहसुन डालें और उसे हल्का सुनहरा होने तक भून लें. इसके बाद प्याज डालकर तेज आंच पर कुछ सेकंड तक चलाएं. अब गाजर, शिमला मिर्च और पत्तागोभी डालें और लगातार चलाते हुए हल्का सा पकाएं, ताकि उनका क्रंच बना रहे.
जब सब्जियां हल्की पक जाएं, तब इसमें सोया सॉस, टोमैटो सॉस और चिली सॉस डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद उबले हुए नूडल्स पैन में डालें और तेज आंच पर लगातार टॉस करते हुए सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स करें. आखिर में स्वादानुसार नमक और काली मिर्च पाउडर डालें और एक-दो मिनट तक तेज आंच पर चलाकर गैस बंद कर दें.
अगर आप बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा स्वाद चाहते हैं, तो नूडल्स हमेशा तेज आंच पर ही पकाएं और सब्जियों को ज्यादा न पकाएं. चाहें तो ऊपर से हरा प्याज या तिल छिड़ककर भी परोस सकते हैं. इन आसान टिप्स की मदद से घर पर तैयार किए गए वेज नूडल्स स्वाद, खुशबू और टेक्सचर के मामले में किसी भी रेस्टोरेंट डिश से कम नहीं लगेंगे.