Telegram Ban: भारत में टेलीग्राम पर लगाए गए अस्थायी प्रतिबंध का बड़ा असर ऐप डाउनलोडिंग ट्रेंड पर देखने को मिला है. ऐप इंटेलिजेंस फर्म App Figures के आंकड़ों के मुताबिक, टेलीग्राम पर पाबंदी लगने के बाद देश में VPN ऐप्स की डाउनलोडिंग में इस साल की सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई.
16 जून को केंद्र सरकार के टेलीग्राम पर टेम्प्रेरी रोक लगाए जाने के बाद 17 जून को भारत में टॉप 100 VPN ऐप्स के कुल डाउनलोड 9.19 लाख तक पहुंच गए. ये आंकड़ा 9 से 15 जून के औसत डाउनलोड की तुलना में 76% ज्यादा और 1 से 15 जून के औसत से 63% ज्यादा है.
16 जून को भी VPN ऐप्स के डाउनलोड बढ़कर 6.45 लाख तक पहुंच गए थे, जबकि 17 जून 2025 की शुरुआत के बाद से VPN ऐप्स के लिए सबसे बड़ा डाउनलोडिंग दिन बन गया.
VPN क्या करता है?
VPN (Virtual Private Network) इंटरनेट ट्रैफिक को एन्क्रिप्ट करता है और उसे दूसरे सर्वर के जरिए रूट करता है. इससे यूजर्स अपना IP एड्रेस छिपा सकते हैं और कुछ नेटवर्क प्रतिबंधों को बायपास कर सकते हैं.
आमतौर पर इसका इस्तेमाल प्राइवेसी और सुरक्षा के लिए किया जाता है, लेकिन किसी ऐप या वेबसाइट पर रोक लगने की स्थिति में इसके डाउनलोड तेजी से बढ़ जाते हैं.
Proton VPN और Turbo VPN को सबसे ज्यादा फायदा
रिपोर्ट के मुताबिक, Proton VPN के डाउनलोड में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिली. इसके डाउनलोड औसतन 60,500 प्रतिदिन से बढ़कर 1,55,430 हो गए, यानी करीब 157% की वृद्धि.
वहीं Turbo VPN के डाउनलोड लगभग दोगुने होकर 1,22,030 तक पहुंच गए. Ninja VPN ने 669% की छलांग लगाई, जबकि Express VPN के डाउनलोड में 345% की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
ऐप स्टोर रैंकिंग भी बदली
डाउनलोड बढ़ने का असर गूगल प्ले स्टोर की रैंकिंग पर भी दिखा. Proton VPN 17 जून को Tools कैटेगरी में आठवें स्थान पर था, लेकिन 19 जून तक पहले नंबर पर पहुंच गया. वहीं Turbo VPN 11वें स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंच गया.
- टेलीग्राम X और Signal की पॉपुलैरिटी बढ़ी
- टेलीग्राम पर रोक के बाद यूजर्स ने दूसरे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म की ओर भी रुख किया.
- टेलीग्राम मैसेंजर के डाउनलोड औसतन 1,25,048 प्रतिदिन से गिरकर सिर्फ 38 रह गए.
- टेलीग्राम X के डाउनलोड में 6,509% की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई और यह 3,50,764 डाउनलोड तक पहुंच गया.
- टेलीग्राम से जुड़ा मैसेजिंग ऐप iMe के डाउनलोड 22,018% बढ़कर 1,70,372 हो गए.
- वहीं प्राइवेसी फोकस्ड मैसेजिंग ऐप Signal के डाउनलोड में 571% की वृद्धि दर्ज की गई और यह 32,106 डाउनलोड तक पहुंच गया.
यूजर्स ने अपनाए दो रास्ते
रिपोर्ट से साफ है कि टेलीग्राम पर लगी पाबंदी के बाद यूजर्स ने दो तरीके अपनाए. कुछ लोगों ने VPN ऐप्स डाउनलोड कर टेलीग्राम तक पहुंच बनाए रखने की कोशिश की, जबकि कई यूजर्स टेलीग्राम X, iMe और Signal जैसे दूसरे मैसेजिंग ऐप्स पर शिफ्ट हो गए.