महाराष्ट्र में ऑटो रिक्शा और कैब चालकों के लिए मराठी भाषा अनिवार्य किए जाने को लेकर विवाद लगातार जारी है। मराठी भाषा अनिवार्य किए जाने के खिलाफ ऑटो रिक्शा और कैब चालकों ने बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया है। मंगलवार को बॉम्बे हाई कोर्ट में अधिवक्ता विवेक शुक्ला के माध्यम से एक जनहित याचिका (PIL) दायर की गई है। याचिका में महाराष्ट्र सरकार द्वारा 12 अगस्त 2026 को जारी उस अधिसूचना को चुनौती दी गई है, जिसमें ऑटो रिक्शा, टैक्सी और ऐप आधारित कैब चालकों के लिए मराठी भाषा का कार्यसाधक ज्ञान अनिवार्य किया गया है।
बुधवार को पीठ के समक्ष मेंशन किया जाएगा मामला
मराठी भाषा अनिवार्य किए जाने के खिलाफ दायर जनहित याचिका के मामले को तत्काल निर्देशों के लिए बुधवार को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश (ACJ) रविंद्र घुगे की पीठ के समक्ष मेंशन किया जाएगा। हालांकि, एसीजे रवींद्र घुगे, जिन्हें कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर स्थानांतरित किए जाने की सिफारिश की गई है, ने हाल ही में कहा था कि पीठ कोई नया मामला नहीं सुनेगी।
हमारे मौलिक अधिकारों का उल्लंघन- याचिकाकर्ता
याचिकाकर्ताओं में मोहम्मद कासिम अहमद समेत चार ऐप आधारित कैब चालक शामिल हैं। उनका कहना है कि यह नियम संविधान के अनुच्छेद 14, 19 और 21 के तहत मिले उनके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करता है। साथ ही, यह मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के भी खिलाफ है, क्योंकि इस कानून में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए किसी भाषा की अनिवार्यता निर्धारित नहीं की गई है।
याचिकाकर्ताओं ने आशंका जताई है कि लाखों गरीब और प्रवासी चालकों के बैज निलंबित किए जा सकते हैं और परमिट रद्द हो सकते हैं, जिससे उनकी आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। जनहित याचिका में महाराष्ट्र के करीब 9.65 लाख चालकों को होने वाली परेशानी को रोकने के लिए अधिसूचना पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।
सीएम फडणवीस ने क्या कहा है?
बता दें कि सोमवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी ऑटो रिक्शा एवं टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा को अनिवार्य किए जाने के मुद्दे पर बयान दिया था। सीएम फडणवीस ने कहा था- “उन्हें (चालकों को) मराठी का विशेषज्ञ बनाने का कोई कारण नहीं है। उन्हें कामकाज से संबंधित बुनियादी मराठी आनी चाहिए।” महाराष्ट्र परिवहन विभाग ने बीते 20 अगस्त से पूरे राज्य में चालकों के कामकाज से जुड़े मराठी भाषा के ज्ञान की जांच के लिए अभियान शुरू किया है।
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र में गैर-मराठी ऑटो रिक्शा-टैक्सी चालकों का विरोध, काम किया बंद, कहा- कार्रवाई के पीछे हो रही राजनीति
महाराष्ट्र में 5211 कमर्शियल ड्राइवरों का हुआ मराठी टेस्ट, जानें इनमें से कितने फेल और कितने पास हुए